मवेशी चोर गिरोह का पर्दाफाश: खाचरोद पुलिस ने पकड़ी देवीसिंह कटारा गैंग

0
4

पिकअप वाहन, 3 भैंसें और पाड़ी समेत 16.50 लाख का माल जब्त!

विशेष खोजी रिपोर्ट (अवंतिका के युवराज/उज्जैन-खाचरोद)। उज्जैन जिले के खाचरोद क्षेत्र में पशुपालकों और किसानों की नींद हराम करने वाली शातिर ‘मवेशी चोर गैंग’ का खाचरोद पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अंतरजिला मवेशी चोर गिरोह के सरगना समेत दो शातिर बदमाशों को दबोच लिया। इनके कब्जे से चोरी गई 03 भैंसें, 01 पाड़ी और वारदात में इस्तेमाल की गई हरे रंग की पिकअप गाड़ी जब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत लगभग 16.50 लाख रुपये आंकी गई है।

पूरा मामला खाचरोद कस्बे के थड़ोदा रोड का है, जहाँ फरियादी गोवर्धनलाल पाटीदार और रेलवे लाइन के पास से पर्वतसिंह की भैंसों को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया था। शातिर बदमाशों ने थड़ोदा रोड स्थित टीन शेड का ताला तोड़कर पर्वतसिंह और गोवर्धनलाल की कुल 3 भैंसें व 1 पाड़ी को एक पिकअप वाहन में लादा और रातों-रात चंपत हो गए। फरियादी की शिकायत पर थाना खाचरोद में अपराध क्रमांक 362/2026, धारा 305 व 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज और नाकाबंदी से टूटी गिरोह की कमर
एसपी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) करणदीप सिंह और एसडीओपी आकांक्षा बेछोटे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी धनसिंह नलवाया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने खाचरोद कस्बे और रतलाम जाने वाले हाईवे पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों से साफ हो गया कि इस वारदात के पीछे झाबुआ जिले की कुख्यात ‘देवीसिंह कटारा गैंग’ का हाथ है।
13 और 14 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात पुलिस ने सटीक सूचना पर रानीसिंग, रावटी स्टेशन रोड पर तगड़ी नाकाबंदी कर दी। संदिग्ध हरे रंग की पिकअप (MP-45-ZK-0783) को आते देख जब पुलिस ने रोकने का इशारा किया, तो उसमें सवार कुछ बदमाश चलती गाड़ी से कूदकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए झाड़ियों में भाग निकले। परंतु मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी करके गैंग के सरगना देवीसिंह कटारा और पिकअप चालक नरेश को दबोच लिया।

झाबुआ के दो आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट से मिली रिमांड
पकड़े गए आरोपियों में गैंग का सरगना देवीसिंह उर्फ देवला (उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम बड़ी संगत, थांदला, जिला झाबुआ) और पिकअप चालक नरेश (उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम झपादरा, काकनवानी, जिला झाबुआ) शामिल हैं। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने खाचरोद क्षेत्र से भैंसों की चोरी करना कबूल कर लिया। पुलिस ने 2.50 लाख रुपये मूल्य की 03 भैंसें व 01 पाड़ी तथा वारदात में प्रयुक्त 14 लाख रुपये की पिकअप गाड़ी जब्त कर ली है।

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस भागे हुए अन्य साथियों की धरपकड़ और मालवा-निमाड़ क्षेत्र में हुई अन्य मवेशी चोरी की वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

अवंतिका के युवराज यह स्पष्ट करता है कि खाचरोद पुलिस, साइबर सेल प्रभारी प्रतीक यादव और उप निरीक्षक अमित डामर की टीम द्वारा की गई इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों ने राहत की सांस ली है। मवेशी चोरी करने वाले इस अंतरजिला नेटवर्क के सरगना की गिरफ्तारी से अब जिले भर में सक्रिय अन्य पशु चोर गिरोहों पर भी गाज गिरना तय माना जा रहा है।