पूनम सोसाइटी में नोटिस का हंटर और विकास का दोहरा चेहरा

0
115

आम रहवासियों की बाउंड्री वॉल पर चला बुलडोजर, वीआईपी मकान के आगे बेबस दिखा प्रशासन; सुरंगों के डर से लोग घरों में कैद


विशेष ग्राउंड रिपोर्ट (अवंतिका के युवराज/गांधीधाम)। गुजरात के गांधीधाम स्थित पूनम सोसाइटी में विकास के नाम पर प्रशासनिक तानाशाही और खुले पक्षपात का एक बड़ा मामला उजागर हुआ है। पॉश कॉलोनी के रूप में जानी जाने वाली पूनम सोसाइटी में रहने वाले आम नागरिकों की बाउंड्री वॉल और मकानों के हिस्सों को नोटिस थमाकर ‘विकास कार्य में कुर्बानी’ देने का पाठ पढ़ाया गया और देखते ही देखते जेसीबी चलाकर जमींदोज कर दिया गया। परंतु, इसी मार्ग के बीचों-बीच खड़े एक खास निर्माण पर आकर प्रशासन का सारा पावर और बुलडोजर की रफ्तार पूरी तरह हवा हो गई।

कॉलोनी के प्रवासियों और रहवासियों का कहना है कि उन्हें यह तक नहीं मालूम कि आखिर यह खुदाई किस मकसद या किस प्रोजेक्ट के तहत की जा रही है। अचानक जेसीबी मशीनें पहुंचती हैं, अधिकारियों का तुगलकी फरमान आता है और आम लोगों के मकानों के बाहर बुलडोजर चला दिया जाता है। इस अंधाधुंध खुदाई के कारण रहवासियों के घरों के ठीक बाहर बड़े-बड़े खड्डे और खतरनाक सुरंगे जैसी खाई खोद दी गई हैं। आलम यह है कि आम जन को अपने ही घरों के भीतर घुसने और दोपहिया-चारपहिया वाहन खड़े करने तक में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सबसे बड़ा सवाल प्रशासनिक मंशा और उसके दोहरे रवैये को लेकर खड़ा हो रहा है। पूरी कॉलोनी में कार्रवाई करने वाली जेसीबी उस मकान के पास आकर रुक जाती है जो रोड के बिल्कुल बीचों-बीच बना हुआ है। जहां बाकी सभी रहवासियों को नोटिस देकर उनकी बाउंड्री वॉल तोड़ दी गई, वहीं इस बीचों-बीच खड़े निर्माण को बचाने के लिए उसके भीतर से गुप्त तरीके से पाइपलाइन बिछाने की विशेष जुगाड़ लगाई गई।
आखिर गांधीधाम प्रशासन ने ऐसा कौन सा चश्मा पहन रखा है, जिससे उन्हें पूरी सड़क का अतिक्रमण और आम लोगों की बाउंड्री वॉल तो दिखती है, लेकिन रोड के बीचों-बीच बना यह निर्माण नजर ही नहीं आता? किस रसूखदार के दबाव में प्रशासनिक अधिकारी इस एक मकान पर अपनी असीम कृपा बरसा रहे हैं?

सड़क के बीचों-बीच खड़ा यह निर्माण अब न केवल पूरे विकास कार्य की पोल खोल रहा है, बल्कि नगर निगम और ठेकेदार की संदिग्ध कार्यप्रणाली पर भी करारा तमाचा जड़ रहा है। बेबसी और अव्यवस्था से परेशान होकर पूनम सोसाइटी के नागरिकों ने इस पक्षपातपूर्ण काम को रोक दिया है। अवंतिका के युवराज समाचार पत्र गांधीधाम प्रशासन से सीधा सवाल पूछता है कि विकास के नाम पर आम नागरिकों के अधिकारों का हनन कब तक चलेगा, और इस वीआईपी निर्माण पर बुलडोजर चलाने की हिम्मत जिम्मेदार अधिकारी कब दिखाएंगे?