आगामी त्योहारों पर पुलिस का कड़ा पहरा

0
4

गांधीधाम में DSP मुकेश चौधरी की अगुवाई में निकला फ्लैग मार्च असामाजिक तत्वों में खौफ, आमजन को मिला सुरक्षा का भरोसा!

विशेष रिपोर्ट (अवंतिका के युवराज/गांधीधाम-कच्छ)। आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए गांधीधाम शहर की शांति, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए पूर्वी कच्छ पुलिस एक्शन मोड में नजर आ रही है। शहर में शांति का माहौल बिगाड़ने की फिराक में बैठे असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने और आम नागरिकों के मन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने गांधीधाम के मुख्य बाजारों और संवेदनशील इलाकों में विशाल फ्लैग मार्च निकाला।

बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की दहाड़
अंजार डिवीजन के पुलिस अधीक्षक (DSP) मुकेश चौधरी के कुशल नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ यह फ्लैग मार्च शहर के भीड़-भाड़ वाले मुख्य बाजारों, प्रमुख चौराहों और अति-संवेदनशील गलियों से होकर गुजरा। पुलिस जवानों की कदमताल और मुस्तैदी को देखकर एक तरफ जहां कानून का उल्लंघन करने वालों के हौसले पस्त नजर आए, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय व्यापारियों और आम जनता ने राहत की सांस ली।

व्यापारियों से सीधा संवाद, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर
फ्लैग मार्च के दौरान डीएसपी मुकेश चौधरी और पुलिस टीम के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और राहगीरों से सीधा संवाद स्थापित किया। पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों से अपील की है कि त्योहारों के इस माहौल में किसी भी प्रकार की अफवाहो पर ध्यान न दें और यदि बाजार या आसपास के क्षेत्र में कोई भी लावारिस वस्तु, अज्ञात व्यक्ति या संदिग्ध गतिविधि नजर आए, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दें।

अवंतिका के युवराज यह स्पष्ट करता है कि त्योहारों के दौरान गांधीधाम की शांति और सौहार्द से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। पुलिस का यह सख्त रूप और सघन गश्त यह संदेश देने के लिए काफी है कि शहर में कानून का राज कायम है। अब देखना यह होगा कि इस फ्लैग मार्च के बाद पुलिस प्रशासन त्योहारों के दौरान भीड़-भाड़ वाले इलाकों में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को किस तरह नियंत्रित रखता है।