आदिपुर में फर्जी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़

0
7

रॉयल स्टैग के बाद अब रॉयल चैलेंज का ज़हर परोसने का षड्यंत्र, साइबर सेल का छापा, 9 हजार खाली बोतलें और दो तस्कर गिरफ्तार!

विशेष खोजी रिपोर्ट (अवंतिका के युवराज/गांधीधाम-कच्छ)। शुष्क राज्य (ड्राई स्टेट) गुजरात के कच्छ जिले में जहरीली और नकली शराब का काला कारोबार किस कदर पैर पसार चुका है, इसका एक और रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा हुआ है। आदिपुर के 4-ए इलाके में भुज साइबर सेल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए एक अवैध और बड़े पैमाने पर चल रही नकली शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को धर दबोचा है, जबकि भारी मात्रा में केमिकल, सीलिंग मशीनें और बोतलों का जखीरा बरामद किया गया है।


ब्रांडेड बोतलों में मौत का रसायन: 9 हजार बोतलों का जखीरा

कार्रवाई के दौरान पुलिस के भी होश उड़ गए जब उन्होंने देखा कि ‘रॉयल स्टैग’ के बाद अब नामचीन ब्रांड ‘रॉयल चैलेंज’ के नाम पर नकली शराब तैयार की जा रही थी। मौके से लगभग 9,000 खाली बोतलें, 600 से अधिक केमिकल युक्त जहरीली शराब से भरी बोतलें, घातक रसायन, ढक्कन सील करने वाली आधुनिक मशीनें और पैकेजिंग सामग्री जब्त की गई है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि तैयार बोतलों पर अभी ब्रांडेड स्टिकर नहीं चिपकाए गए थे, जिससे साफ जाहिर होता है कि साइबर सेल ने इस खेप को बाजार में खपाने और लोगों की जिंदगी से खेलने से ठीक पहले ऐन वक्त पर दबोच लिया।


दो गिरफ्तार, लेकिन असली मास्टरमाइंड कौन?

पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस और आबकारी कानून की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, यह महज एक शुरुआत है। यह घटना कई गंभीर और यक्ष प्रश्न खड़े करती है कि रिहायशी इलाके ‘4-ए’ में इतनी बड़ी फैक्ट्री आखिर किसकी शह पर और कब से धड़ल्ले से चल रही थी? क्या इससे पहले भी इस फैक्ट्री से बनी नकली और जहरीली शराब बाजार में सप्लाई की जा चुकी है?

अवंतिका के युवराज यह सीधा और तीखा सवाल पूछता है कि क्या पुलिस की यह जांच केवल इन दो मोहरों तक सीमित रहकर कागजी खानापूर्ति बन जाएगी, या फिर उस बड़े सिंडिकेट और प्रशासनिक सरपरस्तों के चेहरे से भी नकाब हटेगा जिनकी छत्रछाया में कच्छ की पावन धरा पर मौत का यह सामान तैयार किया जा रहा था? अब देखना यह होगा कि साइबर सेल इस पूरे नेटवर्क की जड़ों पर प्रहार करती है या यह मामला भी वक्त के साथ ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।