वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व मंत्री पारस चंद्र जैन (पारस पहलवान) का निधन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवास पहुंचकर दी अश्रुपूरित अंतिम विदाई

0
104


​विशेष रिपोर्ट (अवंतिका के युवराज/उज्जैन)।
मालवा की माटी और धर्मनगरी उज्जैन के विकास में अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले जनप्रिय जननेता, वरिष्ठ भाजपा नेता, मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री तथा उज्जैन उत्तर के पूर्व विधायक श्रद्धेय श्री पारस चंद्र जैन (पारस पहलवान) के देवलोकगमन से संपूर्ण प्रदेश और उज्जैन क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की खबर से पूरा शहर स्तब्ध और मर्माहत है।

​उनके निधन का समाचार मिलते ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन स्थित उनके निज निवास उत्तम नगर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने दिवंगत जननेता के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बाबा महाकाल से प्रार्थना की कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार और उनके असंख्य समर्थकों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति दें।

​उज्जैन उत्तर से कई बार विधायक और प्रदेश सरकार में महत्वपूर्ण मंत्री पदों की जिम्मेदारी संभालने वाले पारस जी अपनी सरलता, सहजता, मिलनसार व्यक्तित्व और बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते थे। अखाड़े की संस्कृति से जुड़े होने के कारण जनता उन्हें आदर और स्नेह से ‘पारस पहलवान’ के नाम से पुकारती थी। उन्होंने सदैव युवाओं, खिलाड़ियों और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर काम किया। उनका निधन न केवल भारतीय जनता पार्टी के लिए बल्कि संपूर्ण उज्जैन की राजनीति और समाज सेवा के लिए अपूरणीय क्षति है।

​अंतिम यात्रा निज निवास उत्तम नगर से मोक्षधाम चक्रतीर्थ के लिए रवाना हुई, जिसमें मुख्यमंत्री, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और हजारों समर्थकों ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी।