महाकाल की नगरी में जमीन के आंकड़ों पर गरमाई सियासत, सीएम के इस्तीफे की मांग पर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने

उज्जैन/भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीतिक फिजाओं में इन दिनों उज्जैन की जमीनों को लेकर एक नया सियासी भूचाल आ गया है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने सूबे के मुख्यमंत्री मोहन यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग बुलंद कर दी है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए इस पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग रखी है। हालांकि, हमारा समाचार पत्र इस पूरे घटनाक्रम और आरोपों की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है, यह पूरी तरह से देश के एक जिम्मेदार विपक्षी दल द्वारा उठाए गए सवाल और मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित राजनीतिक बहस है। जनहित और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के दायित्व का निर्वाह करते हुए, हम केवल दोनों पक्षों की बात और सार्वजनिक पटल पर आ चुके दावों को निष्पक्षता से सामने रख रहे हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस वार्ता में दावा किया है कि मुख्यमंत्री पद की गरिमा सर्वोपरि होती है, लेकिन सामने आए आंकड़े चिंताजनक हैं। विपक्ष का आरोप है कि सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री के परिवार और उनसे जुड़ी कंपनियों की जमीनों के मालिकाना हक में कथित तौर पर भारी बदलाव आया है। विपक्ष द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, पहले जिस परिवार के पास कथित तौर पर लगभग 100 एकड़ जमीन थी, वह अब बढ़कर 335 एकड़ तक पहुंच गई है। पटवारी ने आरोप लगाया कि दिसंबर 2023 के बाद से पिछले दो वर्षों के भीतर उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में करोड़ों रुपए मूल्य की संपत्तियां और विभिन्न प्लॉट खरीदे गए हैं। विपक्ष का यह भी दावा है कि इन जमीनों में से अधिकांश हिस्सेदारी और प्लॉट उन इलाकों में स्थित हैं, जहां हाल ही में सड़क परियोजनाओं का विस्तार हुआ है या लैंड यूज (भू-उपयोग) में बदलाव किए गए हैं।
विपक्ष ने सार्वजनिक रूप से कुछ नाम और उनके सामने दर्ज एकड़ के आंकड़े भी मीडिया के समक्ष साझा किए हैं, जिनमें भाई नीलेश यादव (108 एकड़), भाई गोविंद यादव (47 एकड़), खुद सीएम मोहन यादव (17 एकड़),पत्नी सीमा यादव (11 एकड़), बेटा वैभव यादव (17 एकड़), बहू शालिनी यादव (10 एकड़), बड़े भाई नारायण यादव (19 एकड़), बड़े भाई नंदलाल यादव (17 एकड़), बड़ी बहन कलावती यादव (17 एकड़), भतीजा अभय यादव (16 एकड़) और बड़े भाई की पत्नी रेखा यादव (6 एकड़) के नाम शामिल हैं। इसके साथ ही कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी पोस्ट करते हुए कुछ रियल एस्टेट कंपनियों का जिक्र किया है जिनमें मुख्यमंत्री के करीबियों की हिस्सेदारी होने का दावा किया जा रहा है। विपक्ष ने मांग की है कि इतने कम समय में हुई इस कथित बढ़ोतरी की जांच सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा न्यायाधीश से कराई जानी चाहिए और मुख्यमंत्री को नैतिक आधार पर अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए। कांग्रेस ने इस मुद्दे को आगामी विधानसभा सत्र में भी पूरी प्रखरता से उठाने की चेतावनी दी है।
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे दिलचस्प और विचारणीय पहलू यह है कि विकास और परियोजनाओं की रफ्तार अचानक कुछ खास क्षेत्रों में ही इतनी तेज क्यों हो जाती है? क्या यह सिर्फ एक प्रशासनिक संयोग है या फिर इसके पीछे सत्ता के गलियारों की कोई अदृश्य दूरदर्शिता काम कर रही होती है? लोकतंत्र में यह अक्सर देखा गया है कि जब-जब रसूखदार नाम जमीनों के खेल से जुड़ते हैं, तब-तब नीतियां और योजनाएं भी उसी दिशा में कदमताल करती नजर आती हैं, जिसे आम जनता सौभाग्य कहे या योजनाबद्ध विकास यह सोचने का विषय है।
लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष का काम सरकार की नीतियों और व्यवस्थाओं पर सवाल उठाना है, और सरकार का काम उन पर अपनी स्थिति स्पष्ट करना है। एक जिम्मेदार और निष्पक्ष समाचार माध्यम होने के नाते हमारा उद्देश्य किसी भी पक्ष पर कोई व्यक्तिगत आरोप लगाना या किसी की छवि को प्रभावित करना कतई नहीं है। हम केवल राजनीतिक पटल पर चल रही इस गरमागरम बहस और जनहित से जुड़े विपक्ष के आरोपों को बिना किसी फेरबदल के समाज के सामने ला रहे हैं, ताकि जनता इस पूरे घटनाक्रम के दोनों पहलुओं को समझ सके। इस पूरे मामले में कानूनविदों और राजनीतिक विश्लेषकों का भी मानना है कि लोकतंत्र में आरोप-प्रत्यारोप का दौर सामान्य है, और जब तक किसी सक्षम जांच एजेंसी या न्यायालय द्वारा इन दावों की विधिवत पुष्टि नहीं हो जाती, तब तक इन्हें केवल एक राजनीतिक दल के आरोप और सार्वजनिक विमर्श के रूप में ही देखा जाना चाहिए। हमारा समाचार पत्र पूरी तरह से कानून के दायरे में रहकर, बिना किसी पूर्वाग्रह के इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी निष्पक्ष और पैनी नजर बनाए हुए है।










