सड़कों पर खाकी का पहरा, नौ प्रमुख पॉइंटों पर पुलिस ने कसा शिकंजा, शराब पीकर गाड़ी दौड़ाने वाले भी चढ़े हत्थे

0
73

उज्जैन। शहर में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी कड़ी में पुलिस के आला अधिकारियों के निर्देशन में शहर के नौ प्रमुख और संवेदनशील पॉइंटों पर एक साथ व्यापक स्तर पर समन्वित विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। शाम पांच बजे से शुरू होकर देर रात साढ़े दस बजे तक चले इस सघन चेकिंग अभियान से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों और संदिग्ध तत्वों में हड़कंप मच गया। पुलिस की इस चौतरफा घेराबंदी के चलते सड़कों पर हुड़दंग मचाने वाले और बिना नंबर प्लेट के वाहन दौड़ाने वाले असामाजिक तत्व रास्ता बदलते नजर आए।

इस विशेष अभियान के तहत शहर के व्यस्ततम और प्रमुख चौराहों जैसे शंकराचार्य चौराहा, चामुंडा माता चौराहा, रेलवे स्टेशन, हरिफाटक चौराहा, नानाखेड़ा बस स्टैंड, नरसिंहघाट चौराहा, मण्डीगेट चौराहा, हीरामिल की चाल यानी जीरो पॉइंट ब्रिज के नीचे और जेल तिराहा पर पुलिस बल तैनात किया गया था। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों तथा अन्य संदिग्ध खिलाड़ियों की बारीकी से जांच की। आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन तलाशी ली गई, ताकि शहर की शांति व्यवस्था में कोई खलल न डाल सके।

घंटों चली इस कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले चालीस वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। वहीं खुद को सड़क का सिकंदर समझकर शराब के नशे में टल्ली होकर वाहन दौड़ाने वाले तीन चालकों को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया, जिनके खिलाफ धारा १८५ के तहत पृथक से वैधानिक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस प्रशासन ने साफ तौर पर संदेश दे दिया है कि आमजन की सुरक्षा और सुरक्षित यातायात के लिए इस तरह के औचक अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे। इसके साथ ही बुद्धिजीवियों और जागरूक नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की भनक लगते ही तुरंत पुलिस को सूचित करें।