सवारियों की जान से खिलवाड़,ऑटो के पीछे लटका रखी थी सवारी, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने काटा चालान

0
108

उज्जैन। सड़कों पर रफ़्तार के साथ-साथ चंद रुपयों की लालच में मासूम जिंदगियों से खिलवाड़ करने वाले वाहन चालकों के हौसले बुलंद हैं। ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला शहर की सड़कों से सामने आया है, जहां एक ऑटो चालक सवारियों को अंदर बैठाने के बजाय गाड़ी के पीछे पायदान पर लटकाकर मौत का सफर करवा रहा था। इस खतरनाक ओवरलोडिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया, जिसके बाद हरकत में आई यातायात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापरवाह चालक को सबक सिखाया है।

​सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए यातायात पुलिस ने तत्काल पड़ताल शुरू की। जांच के दौरान मौत के इस सफर को अंजाम देने वाले ऑटो क्रमांक MP41R1845 के चालक जितेंद्र चंदेल की शिनाख्त की गई। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि ऑटो के पीछे तीन सवारियां जान जोखिम में डालकर लटकी हुई थीं, जिससे कभी भी कोई बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता था। पुलिस ने इस घोर लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए वाहन को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में चालान पेश कर दिया है।

​इस पूरी कार्रवाई के बाद यातायात पुलिस ने एक बार फिर शहर के ऑटो और अन्य वाहन चालकों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है। पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि मुनाफे के चक्कर में नियमों की धज्जियां न उड़ाएं और सवारियों की जान को खतरे में न डालें। अगर इसके बाद भी सड़कों पर इस तरह की जानलेवा ओवरलोडिंग या स्टंटबाजी देखने को मिली, तो जिम्मेदार चालकों के खिलाफ इससे भी ज्यादा सख्त और दंडात्मक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।